मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। विश्व कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर गाज़ीपुर तिराहा स्थित शिवम होम्योपैथिक हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में कैंसर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि कैंसर गंभीर एवं जानलेवा रोग है, परंतु समय पर पहचान और उचित उपचार से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 15 लाख नए कैंसर मरीज सामने आते हैं, इसलिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि घाव लंबे समय तक न भरे, असामान्य रक्तस्राव हो, शरीर में गांठ या सूजन बने, लगातार खांसी या आवाज में बदलाव आए, अचानक वजन घटे या किसी स्थान पर लगातार दर्द हो, तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
डॉ. श्रीवास्तव ने तंबाकू, शराब, जंक फूड, मोटापा और अनियमित जीवनशैली को कैंसर के प्रमुख कारण बताते हुए संतुलित आहार, हरी सब्जियां, ताजे फल, अंकुरित अनाज, योग एवं नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह दी।
वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने विशेष रूप से महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित जांच एवं समय पर स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सही जानकारी, समय पर जांच और सकारात्मक मनोबल से कैंसर जैसी बीमारी पर विजय पाई जा सकती है।
इस अवसर पर हरिनारायण, नेहा कुमारी, अनीता, प्रियंका, सौरभ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
