रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी। जनपद खीरी में आज दिनांक 05 फरवरी 2026 को संगोष्ठी कक्ष, रिजर्व पुलिस लाइन में SJPU एवं AHTU की मासिक समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला/समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक श्रीमान पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के संरक्षण में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता श्री प्रदीप कुमार कुशवाहा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद खीरी द्वारा की गई। गोष्ठी में बाल कल्याण समिति (CWC) के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह, सदस्य श्री रामशरण, किशोर न्याय बोर्ड से श्री हरे राम सहित शिक्षा विभाग, चाइल्ड लाइन, जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, GRP, RPF, बाल कल्याण अधिकारी एवं महिला शक्ति केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व में जारी कार्यवृत्त के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन एवं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी पत्र के माध्यम से चलाए जा रहे “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों की जानकारी सभी को पढ़कर सुनाई गई और उसका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता, नारी शक्ति, किशोर न्याय अधिनियम 2015 में हुए नवीनतम संशोधन, पोक्सो एक्ट से संबंधित प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। पोक्सो मामलों में अभियोग पंजीकरण के 24 घंटे के भीतर CWC को सूचना देने, फॉर्म ‘A’ एवं ‘B’ समय से भेजने तथा माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त जमानत नोटिस पीड़िता एवं बाल कल्याण समिति को समयबद्ध उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त जे.जे. एक्ट के अंतर्गत सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट, किशोर न्याय बोर्ड में रिमांड प्रक्रिया, सादे वस्त्रों में उपस्थिति, धारा-24 के अनुपालन सहित बाल कल्याण अधिकारियों के कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने स्तर पर आ रही समस्याओं, सुझावों और उनके समाधान पर विचार साझा किए।
