पहचान नहीं हो सकी; पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम
केपी सिंह
मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रणवीरपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह सड़क किनारे स्थित खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में युवक का शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई है। घटनास्थल के पास से शराब की बोतल और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि 72 घंटे के भीतर शव की पहचान नहीं होती है, तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।