कुल 112 शिकायतों में से 8 का हुआ तत्काल निस्तारण,5 टीमें मौके पर भेजी गई
रिपोर्ट-राहुल पाण्डेय
मऊ। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के दिए निर्देश। आज जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र के नेतृत्व में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में संपन्न हुआ। जनपद के अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में संपन्न संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 112 शिकायतें आई, जिनमें से 8 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया एवं 5 शिकायतों के तत्काल निस्तारण हेतु मौके पर टीमों को भेजा गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक राजस्व विभाग से 60 ,पुलिस विभाग से 21तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित थे। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। संपूर्ण समाधान दिवस पर जन सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक इलमारन जी, उप जिलाधिकारी हेमंत कुमार, तहसीलदार मोहम्मदाबाद गोहाना, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना तथा समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।