मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जनपद मऊ के कोतवाली घोसी अन्तर्गत मझवारा क्षेत्र के ग्राम सभा मुंगेसर में जमीन संबंधित विवाद में ग्राम प्रधान ने युवक को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को ग्रामीणों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनीं हुई है। कोतवाली अन्तर्गत मझवारा क्षेत्र के ग्राम सभा मुंगेसर में शनिवार की सुबह ग्राम प्रधान और ग्रामीणों में रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर विवाद हो गया। सूचना के बाद मौक़े पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली आने लिए कहकर चली गई। दोपहर बाद करीब 3 बजे जमीन को लेकर फिर विवाद हुआ और दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। विवाद के दौरान ग्राम प्रधान मारकंडेय राय ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गांव निवासी अनुराग राय पुत्र श्रीनिवास राय को गोली मार दी। गोली युवक के सीने में जाकर लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन फानन में ग्रामीणों ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
