रिपोर्ट : विद्यानंद
देवरिया में डीएम ने पराली जलाने पर रोक लगाई है। देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल ने सभी किसानों से अपील की है कि वे फसल कटाई के बाद खेतों में बचे हुए फसल अवशेष (पराली) को जलाने से बचें। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से खेत की उर्वरकता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इससे निकलने वाला धुआं न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानव और पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। डीएम ने बताया कि पराली जलाने पर शासन द्वारा निर्धारित अर्थदंड का प्रावधान है। यदि किसी किसान की कृषि भूमि का क्षेत्रफल 2 एकड़ से कम है तो उस पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, 2 से 5 एकड़ के बीच भूमि होने पर जुर्माना 5000 रुपए और 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 15000 रुपए तक पहुंच सकता है।