अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुआ वाकया, एसपी ने कहा होगी जांच
मुरली मनोहर पाण्डेय
बलिया। सिकन्दरपुर कस्बे में गत बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान चाय विक्रेता को प्रभारी निरीक्षक ने थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो सोशल माडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान एसडीएम सिकन्दरपुर, नायब तहसीलदार सहित अन्य भी मौजूद थे। 12 दिसम्बर को अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत सिकन्दरपुर नगर पंचायत में हुई थी। इसी दिन यह घटना घटी। इसके बाद सिकन्दरपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चला है। 16 दिसम्बर को सिकन्दरपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने की सूचना है। शेषनाथ यादव की सिकन्दरपुर चौराहे के पास चाय की दुकान है। 10 साल से वह यहां पर दुकान कर रहे हैं। 12 दिसम्बर को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एसडीएम सिकन्दरपुर रवि कुमार, तहसीलदार प्रवीण सिंह, नायब तहसीलदार राजेश कुमार, नायब तहसीलदार सीपी यादव, ईओ मनोज कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक सिकन्दरपुर विकासचंद पांडेय फोर्स के साथ मौजूद थे। शेषनाथ यादव की दुकान पर पूरी टीम जांच करने पहुंची। इस दौरान चाय विक्रेता पर किसी बात को लेकर प्रभारी निरीक्षक विकास चंद पांडेय भड़क गए। पुलिसकर्मी उन्हें थाने चलने के लिए कहने लगे। न चलने पर दो तीन थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद पुलिस विक्रेता को थाने लेती गई। इस बारे में चाय विक्रेता शेषनाथ यादव ने बताया कि बस सिर्फ उन्हें उठने में देरी हो गई। इसी पर उन्हें थाने भेज दिया गया। इस सम्बन्ध में एएसपी अनिल कुमार झा ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी। एसडीएम सिकन्दरपुर रवि कुमार ने कहा कि वहां बहुत भीड़ थी। उसको अगर बैठाया भी गया होगा तो बाद में छोड़ दिया गया होगा।