कहा कि मैं आज के बाद किसी लड़की या महिला पर फब्तियां नहीं कसूंगा
पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही थी तलाश
मुरली मनोहर पाण्डेय
बलिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर द्वारा एन्टी रोमियो आपरेशन के तहत मनचलों तथा स्कूल आने जाने वाली बच्चियों पर फब्तियां कसने वाले मनबढों के विरूद्ध सघन अभियान के क्रम में मनियर थाना पुलिस की सख्ती की वजह से छट्ठू प्रसाद उर्फ गोलू तुरहा पुत्र राजन तुरहा (निवासी गुदरी बाजार मनियर थाना मनियर) अपने गले में तख्ती डालकर थाना में आत्मसमर्पण किया। कहा कि 'मैं आज के बाद किसी लड़की या महिला पर फब्तियां नहीं कसूंगा।' पुलिस ने सख्त हिदायत देने के साथ ही धारा 35 (3) बीएनएस की नोटिस तामील कराकर मुचलके पर रिहा कर दिया।
कस्बा मनियर के एक व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गयी कि छट्ठू प्रसाद उर्फ गोलू तुरहा पुत्र राजन तुरहा, कस्बा मनियर में सब्जी की दुकान लगाता है और स्कूल जाते-आते समय लड़कियों पर फब्तियां कसता है। इस वजह से उसकी लड़की तथा वहां से आने जाने वाली अन्य महिलाएं-लड़कियों को शर्म के मारे अपना सिर झुकारकर निकलना पड़ता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया। साथ ही थानाध्यक्ष मनियर द्वारा अभियुक्त के घर व अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही थी। पुलिस के सक्रियता को देख अभियुक्त ने आत्मसमर्पण कर दिया।