रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजन रात में घर पर सोते रहे, और इसी दौरान आरोपी किशोरी को अपने साथ लेकर फरार हो गया। सुबह जब परिजनों ने किशोरी को गायब पाया तो उनके होश उड़ गए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गांव के एक ग्रामीण ने बताया कि 29 दिसंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। रात करीब 2 बजे बब्लू, राजेंद्र, और रिकूं नाम के आरोपी उसकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। सुबह जब परिजनों को किशोरी के गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत आरोपियों के घर जाकर पूछताछ की। परिजनों ने जब आरोपियों से किशोरी के बारे में जानकारी मांगी, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कोई जवाब देने से इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बब्लू, राजेंद्र, और रिकूं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी का पता लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
