ढाई किलोमीटर तक जर्जर है रोड, रजिस्टर्ड स्पीड पोस्ट से भेजा ज्ञापन
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया में नगरा-घोसी मार्ग पर किडिहरापुर नहर से सतहवां तक ढाई किमी लंबी जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिर फूट ही पड़ा। सोमवार को ग्रामीणों ने अर्द्धनग्न होकर सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जब कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने रजिस्टर्ड स्पीड पोस्ट के जरिए उपजिलाधिकारी बेल्थरा रोड को ज्ञापन भेजा।
किडिहरापुर नहर से सतहवां तक की यह सड़क पिछले कई वर्षों से खराब है। जगह-जगह गहरे गड्डों के कारण राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार इन गड्डों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने कई बार मरम्मत की मांग उठाई, लेकिन प्रशासन ने अब तक इस पर ध्यान नहीं दिया। यह सड़क भीमपुरा को मऊ-बलिया हाईवे से जोड़ती है और दर्जनभर गांवों के लोगों का आना-जाना इसी मार्ग से होता है। दो साल पहले ग्रामीणों के विरोध के बाद मामूली मरम्मत हुई थी, लेकिन अब स्थिति पहले जैसी हो गई है।
जर्जर सड़क के विरोध में समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव रवि प्रकाश के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। रवि ने कहा, "हमने बार-बार प्रशासन से अपील की, लेकिन हमारी आवाज अनसुनी की गई। अगर जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा।" प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी बेल्थरा रोड को रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इसमें सड़क निर्माण में देरी पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में शामिल अभिनव यादव, विपुल कुमार, शिवम सिंह और अनुज गौतम ने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों के जीवन का अहम हिस्सा है। अगर इसे जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो इसका विरोध और तेज होगा।
