पांच दिन पहले प्रेमी-प्रेमिका पकड़े गए थे संदिग्ध हालात में
मुरली मनोहर पांडेय
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी-प्रेमिका को एक-दूसरे से अलग करने की कीमत डेढ़ लाख रुपये तय की गई है। इसके लिए लगातार पांच दिनों से गांव से लेकर थाने तक पंचायत चलती रही है। हालांकि रविवार को मामले का समाधान हाे पाया।अभी भी प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी है। वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं है।
उधर, पूरा गांव एक तरफ होकर और प्रेमिका का परिवार अकेले पंचायत कर रहा था। पहले फैसला लिया गया कि दोनों की शादी करा दी जाएगी, लेकिन पुलिस सपोर्ट भी प्रेमी के पक्ष में होने से प्रेमिका के पिता ने मामला मैनेज कर लिया। उधर, प्रेमिका का कहना है कि शादी नहीं हुई तो मैं जान दे दूंगी। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद अब पुलिस कार्रवाई की बात करने लगी है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव के एक मोहल्ले का युवक ने पड़ोस की एक किशोरी को तकरीबन पांच साल पहले अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। इसी बीच प्रेमी ने प्रेमिका से शादी का प्रस्ताव रखा। हालांकि प्रेमिका ने पढ़ाई पूरी करने और उम्र कम होने का हवाला देते हुए शादी से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले प्रेमी ने प्रेमिका को अपने घर बुलाया। दोनों को प्रेमी के परिजनों ने संदिग्ध हालात में पकड़ लिया। दोनों के प्रेम प्रसंग से प्रेमिका के घरवाले अंजान थे, जबकि प्रेमी के घर वाले दोनों के प्रेम-प्रसंग के बारे में जानते थे।
प्रेमी सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है। मामला जगजाहिर होने के बाद गांव में पांच दिनों से पंचायत चल रही है। इस बीच मामला थाने में भी आया है, लेकिन प्रेमी पक्ष और पुलिस पक्ष कुछ रुपये ले-देकर मामले को रफा-दफा करने की रणनीति बनाने लगे। रविवार को मामला फिर थाने पहुंचा, तो प्रेमिका शादी की जिद करने लगी, लेकिन पुलिस ने सबको हटाकर प्रेमी-प्रेमिका के पिता के बीच मामले को किसी मैनेज कराया। प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी है। उसका कहना है कि अगर मेरी शादी दूसरी जगह हुई तो जान दे दूंगी। उसने पुलिस पर भी दबाव देकर मामले को मैनेज कराने का आरोप लगाया है।
मामला बढ़ता देख पुलिस अब कहने लगी है कि अगर प्रेमी ने आनाकानी की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। एसओ से बात करता हूं। अगर लड़की प्रेमी के खिलाफ तहरीर दे रही है तो केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।
.jpeg)