रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
जौनपुर। जौनपुर में दहेज के लिए एक विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता संजीव वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शालिनी की शादी 2 जुलाई 2024 को जौनपुर के धन्नोपुर शकर मंडी निवासी शुभम सेठ से हुई थी।
शादी के बाद से ही शालिनी को उसके पति शुभम, सास फुलकुमारी, ननद ज्योति और जीजा रवि सेठ दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। 7 अक्टूबर को सोने के झाले को लेकर मारपीट की गई। इसके बाद नकद पैसों की मांग की गई।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब शालिनी गर्भवती हुई। जब अस्पताल में पता चला कि गर्भ में कन्या हो सकती है, तो आरोपियों ने शालिनी को सीढ़ियों से खींचकर गिरा दिया। उसे दो दिन तक कमरे में बंद कर पीटा गया। उसका मोबाइल छीन लिया गया और गला दबाने की भी कोशिश की गई।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश से शुभम सेठ, फुलकुमारी, ज्योति, बंदना और रवि सेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
