रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मधुबन में पिछले एक दशक से बदहाल पड़े रोडवेज बस स्टैंड को नया रूप मिलने जा रहा है। यहां 5 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला आधुनिक भवन का निर्माण किया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था ने बाउंड्री वॉल और नाला निर्माण का काम पूरा कर लिया है। मुख्य भवन का ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुका है। फर्स्ट और सेकेंड फ्लोर का निर्माण कार्य जारी है। परिसर में इंटरलॉकिंग की जाएगी। बसों की आवाजाही के लिए दो अलग-अलग द्वार बनेंगे। यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, विश्रामालय और पाथवे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
नए बस स्टैंड से मधुबन बाजार में लगने वाली जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। अब बसें मुख्य मार्ग की बजाय रोडवेज परिसर में खड़ी होंगी। पिछले एक दशक से यहां यात्री सुविधाओं का अभाव था। सरकारी बसें परिसर में नहीं आती थीं और पूरे क्षेत्र पर निजी वाहनों का कब्जा रहता था।
नगर विकास मंत्री का जताया आभार स्थानीय अमित गुप्त, राहुल दीक्षित, दुर्गविजय मल्ल, राहुल मल्ल, बब्लू ठठेरा, आलोक मल्ल आदि ने इस परियोजना के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा का आभार जताया है। उनके प्रयासों से ही इस प्रोजेक्ट के लिए बजट स्वीकृत हुआ। मधुबन वासियों में नए बस स्टैंड को लेकर खुशी का माहौल है।
