मधुबन में शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा
मायके वालों ने दी धमकी, दूल्हे की भाभी का हार भी चुराया
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के मधुबन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक दुल्हन शादी के चौथे दिन ही अपने मायके वालों के साथ फरार हो गई। वह दहेज में मिली बाइक, जेवर और 80 हजार रुपए नकद भी साथ ले गई।
मधुबन थाना क्षेत्र उस गांव नंदौर पहुंची जहां बीते 20 फरवरी को राम प्रीत के बेटे अमन कुमार की शादी बलिया के भीमपूरा निवासी प्रेमचंद कन्नौजिया की बेटी ज्योति से हुई थी।
जिस घर में कल तक शादी की खुशियां थीं, आज वहां सन्नाटा पसरा हुआ है।
दूल्हा अमन कुमार ने बताया कि 20 मई को उसकी बारात गयी थी। 21 फरवरी को विदाई के बाद दुल्हन को घर लाया गया। 22 फरवरी को गांव में बहुभोज था। 23 फरवरी को घर में एक और कार्यक्रम हुआ।
24 फरवरी की सुबह दुल्हन फोन पर किसी से चैटिंग कर रही थी। पति ने जब फोन देखने की कोशिश की तो वह भड़क गई। उसने अपने मायके फोन किया। कुछ घंटों बाद दुल्हन का भाई, मां, भाभी, मौसी समेत 4 महिलाएं और 6 युवक घर आ धमके।
आरोपी घर में घुसे और दुल्हन को अपने साथ ले जाने लगे। विरोध करने पर लड़की के भाई ने अमन को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो गए। कल तक जिस घर में खुशियों का माहौल था, आज वहां सन्नाटा पसरा है। पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
लड़की अपने साथ सभी ज़ेवर, दहेज़ में मिली बाइक एवं अन्य सामान ले गयी। यहां तक कि उसकी भाभी के हार भी ले गयी जो उन्होंने बहुभोज के दिन उसे पहनने के लिए दिया था।
दूल्हा के पिता तो इस घटना को लेकर गहरे सदमें में हैं। कहते हैं कि हमको तो कुछ समझ में ही नहीं आ रहा कि आखिर यह क्या हुआ। बहु ने ऐसा कदम क्यों उठाया। हमारा परिवार एक शिक्षित परिवार है।
पिता लेक्चरर के पद से रिटायर हैं। तीनों बेटे अच्छे पढ़े लिखे हैं। हमारी समाज में अच्छी पहचान है। मगर इस घटना से हमारी बहुत बदनामी हो रही है। हमें बस न्याय चाहिए।
पीड़ित पति द्वारा थाना में तहरीर देकर इस मामले में न्याय की गुहार लगायी गयी है। बुधवार को मधुबन थाना की पुलिस ने दोनों परिवारों को बुलाया था। लड़का पक्ष तो वहां पहुंचा मगर लड़की पक्ष से कोई नहीं आया।
पीड़ित परिवार इस घटना को लेकर काफी आहत है। समाज में हो रही बदनामी के दाग़ को जल्द से जल्द धोना चाहता है। प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में प्रशासन क्या निर्णय लेता है।
