बाबा साहब का संविधान नहीं होता तो वंचित वर्ग बड़े पदों तक नहीं पहुंचता
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ नगर पंचायत के बौसडा मजरा और गांव नौबस्ता में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश सचिव भइयालाल यादव ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने हमेशा बाबा साहब अंबेडकर का सम्मान किया है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब किसी एक जाति के नहीं, बल्कि सभी जातियों के नेता थे। भइयालाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बैठे लोग बाबा साहब के संविधान को पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि अगर बाबा साहब का संविधान नहीं होता तो पिछड़ी जातियां, दलित समाज, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीब वर्ग के लोग कभी बड़े पदों तक नहीं पहुंच पाते।
उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए पीडीए के लोगों को एकजुट होना होगा। साथ ही अपने हक और अधिकारों को बचाना होगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह नफरत की सीढ़ी से सत्ता के शिखर तक पहुंची है।
कार्यक्रम में उदयभान सिंह पटेल, सचिन रस्तोगी, सच्चिदानंद, राम मिलन वाजपेयी, पंकज यादव, राजेश यादव, बालगोविंद निषाद, दिनेश पटेल, अखिलेश पटेल और दिनेश निषाद समेत कई नेता मौजूद रहे।
