रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ में समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 16 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 123.65 किलोमीटर है। इन परियोजनाओं पर 123.75 करोड़ रुपए की लागत आई है।
सांसद राय ने कहा कि ये सड़कें 2023 में ही बन जानी चाहिए थीं। उन्होंने सांसद बनने के बाद पहली ही बैठक में अधिकारियों को 6 महीने में काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। अब सभी सड़कें बनकर तैयार हो गई हैं। इन सड़कों में विकासखंड रतनपुर में थलईपुर-सरुलाहपुर से परमानंद पट्टी कीरत सराय, हलधरपुर से अईलख, रतनपुर से भीमपुरा और रतनपुर से नजीराबाद कला रोड शामिल हैं। विकासखंड परदहा में मऊ से इटौरा और पूराघाट रोड का निर्माण हुआ है।
विकासखंड रानीपुर में इटौरा से सरसेना और रानीपुर-सुलतानीपुर मार्ग से सोहवल-मांदुसारा बुजुर्ग केयर रोड बनाई गई है। विकासखंड फतेहपुर मंडाव में दुबारी से मोलनापुर रोड का निर्माण किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह, सहायक अभियंता किशन मोदनवाल, जयप्रकाश सिंह और प्रदीप कटियार मौजूद रहे।
