रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध माता शीतला धाम मंदिर में बड़ी चोरी हुई है। रात करीब 11 बजे चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर मूर्ति से सोने का मुकुट और अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 3 लाख रुपए है। चोर मूर्ति पर से सोने का मुकुट, हार और चांदी की मूर्तियां ले गए। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से चोरों के फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है। शीतला माता मंदिर धाम के अध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि सुबह मूर्ति से आभूषण गायब मिले। मंदिर के पुजारी दीपक पांडेय के अनुसार सीसीटीवी में रात 11 बजे की वारदात कैद हुई है।
घटना से क्षेत्र के लोगों में रोष है। स्थानीय निवासी राकेश सोनकर ने मंदिर कमेटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होनी चाहिए।
