मऊ के सीजेएम कोर्ट ने सबसे ज्यादा 3467 मामले निपटाए, 10 करोड़ का समझौता
रिपोर्ट: प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ में शनिवार को जिला जज सुनील कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 44,697 मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 9 करोड़ 86 लाख 71 हजार 554 रुपये की समझौता राशि जमा कराई गई। सबसे अधिक मामलों का निस्तारण सीजेएम डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने 3,467 मामलों का निपटारा कर 10 लाख 10 हजार 600 रुपये का अर्थदंड वसूला। वाहन दुर्घटना के 41 मामलों में पीठासीन अधिकारी चंद्रगुप्त ने 2 करोड़ 21 लाख 30 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई। इसके अलावा 2 करोड़ 21 लाख 59 हजार 982 रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए गए। विभिन्न न्यायाधीशों ने भी महत्वपूर्ण मामलों का निपटारा किया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ने 63 वादों का, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ने 25 मामलों का और एडीजे फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 221 विद्युत मामलों का निस्तारण किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्पित गोयल ने 484 मामलों का निपटारा किया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे बाकर शमीम रिजवी के अनुसार, सिविल जज सीनियर डिवीजन और अन्य न्यायालयों ने भी कई मामलों का निपटारा किया। इस तरह एक दिन में ही हजारों परिवारों को न्याय मिला।
