रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। कोपागंज के कुर्थीजाफरपुर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। स्थानीय थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, नई बस्ती पारा की रहने वाली शाहिदा खातून ने दो भाइयों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
मोहम्मद मोबिन ने शाहिदा के घर आकर विदेश में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने प्रति व्यक्ति 95 हजार रुपए में पासपोर्ट और वीजा की व्यवस्था करने की बात कही। शाहिदा ने अपने बेटे मुहम्मद फुजैल के लिए 95 हजार रुपए दिए।
इसकी जानकारी मिलने पर फुजैल के तीन दोस्त भी नौकरी के लिए तैयार हो गए। मु. जावेद, जियाउर्रहमान और आरिफ ने भी अपने पासपोर्ट के साथ 2.85 लाख रुपए मोबिन को दिए। कुल मिलाकर आरोपी ने 3.80 लाख रुपए ले लिए।
जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली तो पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे। मोबिन ने बताया कि नौकरी दुकान में नहीं बल्कि खेतों में मिलेगी। 15 फरवरी को जब पीड़ितों ने फिर पैसे मांगे तो मोबिन ने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। उसके भाई राशिद ने तलवार निकालकर धमकी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।
