रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ में त्योहारों के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है।
रविवार की शाम अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री और क्षेत्राधिकारी नगर अंजनी कुमार पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ शहर का दौरा किया।
नगर कोतवाल अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिर्जाहादीपुर से शुरू होकर औरंगाबाद, टीसीआई मोड़, संस्कृत पाठशाला और हठ्ठीमदारी तक गश्त की।
टीम ने सदर चौक और सिंधी कालोनी होते हुए नगर कोतवाली तक का निरीक्षण किया। दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिस बल ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में शांति व्यवस्था का जायजा लिया।पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अतिक्रमण से जुड़े मामलों में कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनपद के अन्य इलाकों में भी क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षकों के नेतृत्व में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त जारी है। साथ ही सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
