रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। सीतापुर के महोली तहसील में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के विरोध में पत्रकारों ने बलिया में प्रदर्शन किया। फेफना तिराहा स्थित शहीद रामसागर स्मारक पर आयोजित शोक सभा में पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटेलाल चौधरी ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ पत्रकार नवीन कुमार गुप्ता ने प्रदेश सरकार से कई मांगें रखीं। इनमें मृतक पत्रकार के परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है।
राकेश मिश्र ने पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह घटना लोकतंत्र को गहरी चोट पहुंचाने वाली है। भ्रष्टाचारियों और उनके सिंडिकेट द्वारा की गई इस हत्या की जितनी निंदा की जाए, कम है। पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून की मांग की गई। शोक सभा में संतोष सिंह, अभिजीत सिंह, प्रभाकर सिंह, कन्हैया वर्मा और चंद्रपाल सिंह समेत कई पत्रकार मौजूद थे।
