रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बांसडीह में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रतुल कुमार ओझा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियर्दशी से मुलाकात की। उन्होंने दो प्रमुख समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामसभा मंगलपुरा के स्वास्थ्य केंद्र में न तो कोई चिकित्सक है और न ही फार्मासिस्ट ।
आंगनबाड़ी की अन्य सुविधाएं
इस कारण स्वास्थ्य केंद्र महज प्रदर्शन की वस्तु बनकर रह गया है। मरीजों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। दूसरी समस्या ग्रामसभा शकरपुरा की है। यहां बच्चों को आंगनबाड़ी से मिलने वाला पुष्टाहार नहीं दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी की अन्य सुविधाएं भी यहां उपलब्ध नहीं हैं।
पुष्टाहार वितरण में धांधली
प्रतुल कुमार ओझा ने कहा कि मंगलपुरा स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की अनुपस्थिति शासन की मंशा के विपरीत है। उन्होंने आंगनबाड़ी में पुष्टाहार वितरण में धांधली की शिकायत की। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। समाधान का आश्वासन
ओझा ने स्पष्ट किया कि मोदी और योगी सरकार की योजनाओं में किसी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने इन समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर मूनजी गोंड, तेजबहादुर रावत, दुर्गेश मिश्रा, अवनीश मिश्रा, शिवम गुप्ता, अखिलेश तिवारी, मनोज चौरसिया और विवेक गुप्ता उपस्थित थे।
