रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विद्युत विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा गया।
बैठक में नगरीय आवास सर्वे को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। तहसील और नगर पालिका के कर्मचारियों को 25 मार्च तक पात्र लोगों की सूची शासन को भेजने का निर्देश दिया गया। राशन कार्ड के लिए पात्र व्यक्तियों का ऑनलाइन आवेदन कर अपात्र लोगों के कार्ड निरस्त करने का आदेश दिया गया।
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका के 32 विद्यालयों को स्मार्ट क्लास में बदलने का निर्णय लिया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षकों की उपस्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए 45 खराब आरओ मशीनों की मरम्मत 15 अप्रैल तक पूरी करने का निर्देश दिया गया। नगरपालिका को सभी घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया। इससे लोगों को 5 लाख रुपये तक का चिकित्सा लाभ मिल सकेगा। आवारा पशुओं और बंदरों की समस्या से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, 15 सार्वजनिक शौचालयों को 15 दिन के भीतर चालू करने का निर्देश दिया गया।
