रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने लोकसभा में एक अहम मांग उठाई है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से देश के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद मंगल पांडेय के नाम पर एक नई ट्रेन चलाने या फिर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस का नाम बदलने का अनुरोध किया है।
सांसद ने कहा कि मंगल पांडेय ने वह साहस दिखाया था, जब कोई भी अंग्रेजों के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता था। उन्होंने बलिया की वीर भूमि की शान बढ़ाई, ऐसे में उनके नाम पर ट्रेन चलाना राष्ट्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
रेलवे से जुड़ी कई और मांगें भी रखीं
लोकसभा में सांसद सनातन पांडेय ने रेलवे लाइन किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ी वालों के पुनर्वास की भी मांग की।
साथ ही, फेफना जंक्शन और काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर पुल न होने से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।
पहले भी कर चुके हैं भारत रत्न की मांग
गौरतलब है कि इससे पहले भी सपा सांसद सनातन पांडेय शहीद मंगल पांडेय को भारत रत्न देने की मांग सदन में उठा चुके हैं। अब देखना यह है कि सरकार उनकी इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।
