बलिया पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, दो नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया पुलिस ने नाबालिग लड़कियों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत यह कार्रवाई की गई। मनियर थाना पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहन यादव (बलिया निवासी), अशोक कुमार कुमावत और किशन भाटी (दोनों राजस्थान के पाली जिले के निवासी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे घर से नाराज लड़कियों को प्रलोभन देकर दूसरे राज्यों में ले जाते थे। फिर पैसे लेकर उन्हें शादी या घरेलू काम के लिए दूसरों को सौंप देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 35,000 रुपए नगद भी बरामद किए हैं।
यह मामला 29 दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में दर्ज दो अलग-अलग प्राथमिकियों से जुड़ा है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। बरामद की गई नाबालिग लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
