रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
उत्तर प्रदेश मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गालिबपुर गांव की 75 वर्षीय इसरावती अपने घर में अकेली रहती थीं। शनिवार रात को खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गईं।
पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया
रविवार सुबह जब वह देर तक नहीं उठीं, तो पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर इसरावती चारपाई पर मृत मिलीं। उनके कान के पास मोबाइल फोन पड़ा था। पड़ोसियों ने तुरंत उनके बेटे अरविंद को सूचना दी, जो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
रविवार देर रात घर पहुंचे अरविंद ने सोमवार सुबह पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल रविंद्र नाथ राय के अनुसार, अरविंद को अपनी मां की हत्या का संदेह है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
