रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के सरयां में शनिवार देर रात मनबढ़ों ने पुराने विवाद को लेकर गांव के राजेश साहनी (45) पुत्र चन्द्रदीप साहनी के दरवाजे पर चढ़कर चाकुओं से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना पाकर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
देर रात पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत एडिशनल एसपी अनिल झा, सीओ प्रभात कुमार सहित तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को मर्चरी भेजवा दिया। गांव में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
बलिया के बांसडीहरोड के सरयां निवासी अक्षय लाल साहनी के लड़की का विवाह चार-पांच दिन पहले था। जिसमें नाच कार्यक्रम था। बगल के डुमरी गांव निवासी बिन्दु बस्ती के कुछ लोग उक्त कार्यक्रम देखने गये थे। उक्त लोग डांसरों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे। जिस पर घराती पक्ष के लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना करते हुए उन्हें भगा दिया। यह बात उक्त लोगों को नागवार गुजरी और वे धमकी देते हुए चले गये। शनिवार की देर रात करीब 9-10 बजे के बीच डुमरी गांव के बिन्दु बस्ती के लोग 10-15 की संख्या में सरयां गांव पहुंचे और गाली-गुप्ता देते हुए घर में घुस गये। जिसका विरोध राजेश ने किया। जिस पर उक्त लोगों ने राजेश पर दनादन चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल राजेश को जिला चिकित्सालय पहुंचवाया। जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राजेश से हत्या करने वाले लोगों का कोई विवाद भी नहीं था। गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात हैं। घटना के बाद परिजनों में करूण क्रन्दन मच गया।
