रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों ने मऊ में रोडवेज बसों की जांच अभियान चलाया। मऊ डिपो के यातायात निरीक्षक राजनाथ सिंह और हरिकेश सिंह ने मुहम्मदाबाद गोहना-आजमगढ़ मार्ग पर केरमा गांव के पास विभिन्न डिपो की 22 बसों की जांच की।
जांच के दौरान शाहगंज डिपो की एक बस में दो यात्री बिना टिकट पाए गए। इस पर परिचालक से 1132 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने पाया कि बसों में यात्रियों की संख्या कम थी। कुछ बसों में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं थी, जिस पर चालक-परिचालकों को सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। यातायात निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण यात्रियों की संख्या कम है। उन्होंने चालकों को निर्देश दिया कि रास्ते में हाथ देकर रुकने वाले सभी यात्रियों को बस में बिठाएं और उनका टिकट अवश्य बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोडवेज यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
