रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ है। मादी बाजार के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय राजीव राय की मौत हो गई।
राजीव राय दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सियरही बरजला के रहने वाले थे। वह रात साढ़े नौ बजे आजमगढ़ जिले के जमसर स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। मादी बाजार के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
कुछ राहगीरों ने घायल राजीव को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजीव दो भाइयों में छोटे थे। महज 18 दिन पहले ही उनके घर पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। इसी खुशी में वह ससुराल जा रहे थे। उनकी मौत से पत्नी मीनू और परिवार के अन्य सदस्य शोक में डूबे हैं। मृतक के बड़े भाई ने दोहरीघाट थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
