मुरली मनोहर पांडेय
गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के उचौरी डबल मर्डर मामले का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश शाहिल उर्फ बिल्लू पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शाहिल को किसी ने हाथ-पैर बांधकर उचौरी में छोड़ दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए खानपुर सीएचसी भेजा। स्वाट टीम के साथ मिलकर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या में प्रयुक्त हथियार सैदपुर क्षेत्र में छिपाने की बात कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर उसने धोखे से उसी हथियार से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से शाहिल घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

