सीएम हेल्पलाइन पर मिले खराब फीडबैक, जनता की शिकायतों पर लापरवाही
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ में जनता की शिकायतों को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने 84 अधिकारियों का वेतन रोक दिया है।
यह कार्रवाई आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के खराब निस्तारण के कारण की गई है। शासन की प्राथमिकता में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान है। बार-बार चेतावनी के बाद भी अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
वेतन रोके गए अधिकारियों में चारों तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इनमें सीएमओ, सीएमएस, पुलिस अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्थानीय निकायों के अधिकारी प्रमुख हैं।
साथ ही बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक और विभिन्न विभागों के कार्यकारी अधिकारी भी इस कार्रवाई में शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक इन सभी अधिकारियों का वेतन रोका रहेगा।
