रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष पाठक ने कहा कि निजी स्कूल शिक्षा के अधिकार कानून का पालन नहीं कर रहे हैं। स्कूलों को 25 प्रतिशत गरीब बच्चों को प्रवेश देना अनिवार्य है। स्कूल हर दिन अलग-अलग ड्रेस पहनने का दबाव बना रहे हैं। चुनिंदा दुकानों से किताबें खरीदने को मजबूर कर रहे हैं। महंगी फीस के नाम पर अभिभावकों को लूटा जा रहा है। जिला महिला अध्यक्ष अनुपमा सिंह ने कहा कि महंगाई से पहले से ही लोग परेशान हैं। ऊपर से स्कूल और संस्थाएं अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार मौलिक अधिकार है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कमेटी के सभागार में उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के नए प्रदेश उपाध्यक्ष अभिजीत तिवारी सत्यम का स्वागत किया गया।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि संघर्षशील नेता तिवारी की नियुक्ति से पार्टी को मजबूती मिलेगी। प्रदर्शन में सत्य प्रकाश उपाध्याय, विजय मिश्रा, बृजेश सिंह, ओमप्रकाश तिवारी समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
