रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
जौनपुर। जौनपुर के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने बांसडीह में भाईचारा बनाओ यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने सबसे पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
सांसद ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी देश में साम्प्रदायिकता का जहर फैला रही है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सदियों से मिलजुल कर रह रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि कुछ ताकतें देश के भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। वर्तमान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनता का ध्यान गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से भटकाना चाहती है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि खाद की बोरी पहले 50 किलो की आती थी। अब वह घटकर 45 किलो और फिर 40 किलो हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सांसद ने साम्प्रदायिक ताकतों को हराने के लिए एकजुट होकर मतदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कन्या कुशवाहा भी मौजूद रहीं।
सभा में क्षेत्र के कई प्रमुख नेता जैसे दिनेश वर्मा, विश्राम वर्मा, आशीष सिंह, चंद्रशेखर यादव, कमलाकर यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने भाईचारे के संदेश का स्वागत किया।
