मुरली मनोहर पांडेय
बलिया। जिले के नगरा-सिकंदरपुर मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जुड़नपुर चट्टी के पास एक पिकअप गाड़ी को बचाने के प्रयास में स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के भाउपुर गांव निवासी दिलीप (25), सुमित कुमार (18) और अंकित कुमार (20) स्विफ्ट कार से नगरा की ओर जा रहे थे। जुड़नपुर चट्टी के समीप सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी को बचाने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीनों कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुमित कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलीप और अंकित की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक सुमित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
