मुरली मनोहर पांडेय
बलिया। जिले के रेवती थाना क्षेत्र के अधिसीझुवा गांव में शुक्रवार सुबह परवल के खेत में लाठी-डंडे और रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस हमले में 18 वर्षीय आदित्य कुमार बिंद गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित के पिता रामआशीष बिंद ने रेवती थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के मनीष यादव, पीयूष यादव, नागेंद्र यादव, कल्लू यादव और सुनील यादव लाठी-डंडे और रॉड लेकर उनके खेत में आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए आदित्य पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेवती पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

