रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा आज शाम 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में इसरो अहमदाबाद का भ्रमण कर लौटे बच्चों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के 13 छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे। शिक्षा विभाग ने 7 मई को इन बच्चों को इसरो अहमदाबाद के दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा था। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि जगाना था।
मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर के निर्देशन में दिसंबर 2024 में परख परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें कक्षा 6, 7 और 8 के 34 बच्चों का चयन हुआ। 7 अप्रैल 2025 को विकास भवन सभागार में सीडीओ, इसरो के दो सदस्यों और बीएसए सहित सात लोगों के पैनल ने साक्षात्कार लिया। इसमें से 13 बच्चों को इसरो भ्रमण के लिए चुना गया।
यनित छात्रों में फतेहपुर मंडाव, परदहा, बड़रावं, रतनपुरा, रानीपुर, कोपागंज और मुहम्मदाबाद ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र शामिल हैं। इनमें नेहा, नीलम, जीनत परवीन, संध्या राजभर, मान्या राय, शिवानी चौरसिया, अमन यादव, तन्नू प्रजापति, दिब्या प्रजापति, रूद्राक्ष प्रजापति, नेहा, सत्यनारायण और रश्मि चौरसिया का नाम शामिल है।
शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने ब्लॉक के चयनित छात्रों को कार्यक्रम में समय पर पहुंचाएं। बच्चों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है।
