रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण पूरा गांव में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। विवाद के बाद छोटे भाई और उनकी मां ने सल्फास खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंदिरा दुबे (55) पति हरिशंकर दुबे अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं। उनके दो बेटे राहुल (28) और रोहित दुबे हैं। एक महीने पहले पूरा परिवार गांव आया था। राहुल के मुताबिक, पूरा परिवार मुंबई में रहकर अपनी जीविका चलाता है। रानीपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्माणपुरा में स्थित पुश्तैनी जमीन को लेकर बड़े भाई रोहित ने पहले घर-मकान का बंटवारा कर लिया। इसके बाद वह खेत का भी बंटवारा करने की जिद करने लगा। छोटे भाई राहुल ने इसका विरोध किया।
इस पर मां इंदिरा ने क्षुब्ध होकर सल्फास खा लिया। मां को सल्फास खाते देख राहुल ने भी छीनकर जहर खा लिया। इंदिरा की हालत बिगड़ने पर राहुल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां राहुल ने बताया कि उसने भी सल्फास खाया है।
चिकित्सकों ने दोनों का इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वर्तमान में दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
