बलिया में सपा नेता ने कहा- अखिलेश यादव का नाम भी होना चाहिए
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने बलिया में संसद रत्न सूची को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सूची में समाजवादी पार्टी के किसी भी सांसद का नाम नहीं है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हर बार भारी मतों से जीतते रहे हैं। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। विदेश से शिक्षा प्राप्त अखिलेश यादव की सोच विश्वस्तरीय है।
सिंह ने मांग की कि 17 सदस्यों की सूची में बीजेपी के लोगों के नाम कम करके सबसे ऊपर अखिलेश यादव का नाम रखा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी घबराहट में सपा नेताओं को किनारे कर रही है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को लेकर सपा के ट्विटर हैंडल पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग ऐसी बातें नहीं करते। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और बृजेश पाठक लगातार समाजवादी परिवार पर आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही विवादित पोस्ट का पता चला, उसे हटाने का निर्देश दिया गया।
