रिपोर्ट: विद्यानंद
देवरिया: समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे पर गोरखपुर में हुए हमले और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को देवरिया में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
समाजवादी युवजन सभा के जिला अध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि गोरखपुर में माता प्रसाद पांडे और अन्य नेताओं पर हमला लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सत्ता संरक्षित अपराधी खुलेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यादव ने कहा, "मुख्यमंत्री के गृह जनपद में नेता प्रतिपक्ष पर हमला और उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ना आपातकाल की याद दिलाता है। गोरखपुर में सपा के प्रतिनिधिमंडल को जेसीबी लगाकर रोकना अपराधियों के बुलंद हौसलों को दर्शाता है।"
सपा नेता विजय रावत और जिला उपाध्यक्ष एनपी यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अत्याचार से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं का अपमान कर रही है और प्रदेश में आए दिन हो रही हत्याओं से जनता में दहशत का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के सुशासन से तंग आ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बेदखल कर देगी।
प्रदर्शन में छात्र सभा जिला अध्यक्ष मनोज यादव, लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष दिव्या धीरज सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
