रिपोर्ट : रंजना तिवारी
सलेमपुर/देवरिया। मंगलवार को वामपंथी दलों के देशव्यापी आह्वान पर सलेमपुर मुख्यालय पर फिलीस्तीन जनता के समर्थन में एक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति महोदया को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार सलेमपुर को सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कमेटी सदस्य कामरेड प्रेमचंद यादव ने कहा कि भारत सरकार का इजरायल के प्रति रुख शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फिलीस्तीन के साथ मजबूती से खड़े होने के बजाय हमलावर इजरायल का समर्थन कर रही है, जो भारत की उपनिवेशवाद विरोधी विदेश नीति से विचलन है।
जिला कमेटी सदस्य बलविंदर मौर्य ने कहा कि पिछले 20 महीनों से इजरायल की बमबारी और सैन्य हमलों में 55,000 से अधिक फिलीस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। गाजा में अस्पताल, स्कूल और शरणार्थी शिविरों को जानबूझकर निशाना बनाया गया है, जिससे वहां अभूतपूर्व मानवीय संकट पैदा हो गया है। उन्होंने इसे जनसंहार करार देते हुए कहा कि इजरायल ने गाजा में राहत सामग्री की आपूर्ति पर भी रोक लगा दी है।
वामपंथी दलों ने भारत सरकार से मांग की कि वह गाजा में मानवीय सहायता की बेरोकटोक पहुंच सुनिश्चित करे, अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवकों जैसे मेडेलिन और ग्रेटा थनबर्ग की रिहाई की मांग करे, गाजा और ईरान पर इजरायली हमले रोके जाएं, और गाजा की नाकाबंदी तत्काल खत्म की जाए।
सभा में नितेश कुमार, कामरेड श्यामलाल, कामरेड श्री राम यादव, संजय गोंड सहित अन्य लोग शामिल रहे।
