रिपोर्ट : रंजना तिवारी
बरहज तहसील में तैनात लेखपाल गोविंद के मनमाने रवैये से ग्रामीण त्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल चकरोड़ पैमाइश के लिए ₹5000 की रिश्वत मांग रहे हैं, जिससे देऊवारी, तेलिया शुक्ल, बढ़ौना हर्दो, और मौना गढ़वा के काश्तकारों में भारी आक्रोश है।
मौना गढ़वा के ग्राम प्रधान जनार्दन कुशवाहा और देऊवारी की प्रधान चिंता देवी ने एसडीएम बरहज विपिन कुमार द्विवेदी से लेखपाल का हल्का परिवर्तन करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि लेखपाल न तो गांवों में जाते हैं और न ही तहसील में मिलते हैं, जिससे उनकी समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा पंचायत भवनों के निर्माण के बावजूद लेखपाल इसका लाभ नहीं दे रहे। खतौनी, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, हिस्सा प्रमाण पत्र सहित 26 मामलों का समाधान न होने से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि लेखपाल का हल्का परिवर्तन किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
ग्रामीणों ने एसडीएम से लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि हल्का परिवर्तन नहीं हुआ तो उन्हें भविष्य में भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।