नगरवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिये चलाये जा रहे अभियानों की पूर्ण सफलता हेतु संयुक्त रूप से करेंगे काम-अरशद जमाल
मुरली मनोहर पांडेय
मऊनाथ भंजन। आज नगर पालिका परिषद के मीटिंग हाल में विशेष संचारी दस्तक रोग नियंत्रण अभियान, दस्त रोको अभियान एवं 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु 0-5 वर्ष के बच्चों के नियमित टीकाकरण से छूटे हुये बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने के संदर्भ में तीनों अभियानों के सफल संचालन हेतु पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल की अध्यक्षता में सभासदों, पालिका अधिकारियों की एक बैठक जनपद के स्वास्थ्य विभाग एवं यूनीसेफ के अधिकारियों संग सम्पन्न हुयी।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि उक्त रोगों से नगरवचासियों को बचाने के सभी उपायों पर विस्तार से चर्चा हुयी। साथ ही बैठक के दौरान यह जानकारी भी साझा की गयी कि स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर टू डोर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के सम्बन्ध में उचित जानकारियां उपलब्ध करायेगी। इसके लिये टीकारण के संदर्भ में फैली हुयी भ्रांतियों को दूर करने का कुशल प्रयास किया जायेगा जिसमें पालिकाध्यक्ष एवं सभासदों का सहयोग भी मांगा गया है।
श्री जमाल ने कहा कि हम नगर को हर प्रकार से रोगमुक्त बनाने के लिये न सिर्फ संचारी रोगों बल्कि अन्य सभी प्रकार के रोगों से भी बचाव के लिये तत्पर हैं तथा पालिका स्तर से भी सफाई के साथ मच्छर मार दवाओं का नियमित छिड़काव किया जाता है। उन्होंने सभासदों से अपने वार्ड में हर प्रकार की सफाई सुथराई को सुचारू बनाये रखने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने उन मुहल्लों में ज्यादा काम करने पर बल दिया जहां पर पिछले वर्ष बीमार बच्चे पाये गये थे।
श्री जमाल ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों से कहा कि चलाये जा रहे संचारी रोगों की रोक-थाम में विभागीय लोगों का सहयोग करें तथा आम जनता को इसके लिये जागरूक करें। उन्होंने सभासदों से कहा कि आप अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नगर में फॉगिंग करने एवं प्रत्येक नालियों की सफाई कर मैलेथियान, ब्लीचिंग, मच्छर मार दवाओं का छिड़काव कराना भी सुनिश्चित करायंें। श्री जमाल ने स्वास्थ्य विभाग एवं यूनिसेफ से आये हुये अधिकारियों को सहयोग का पूर्ण आश्वासन देते हुये कहा कि हम सभी मिलकर इन अभियानों पर काम करेंगे और लोगों को समझा-बुझा कर छूटे हुये बच्चों का भी टीकाकरण करायेंगे।
अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि डेंगू ऐसे पानी में पनपते हैं जो 24 से 48 घण्टों तक उपयोग में नहीं रहता। फ्रीज, गिलास एवं ऐसे ही अन्य छोटे-छोटे जल पाकेट्स में डेंगू के मच्छर अपने जीवन को परवान चढ़ाते हैं। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि यदि हम उन स्रोतों को ही बन्द कर दें तो डेंगू के लार्वा ही नहीं पनप सकेंगे। इस प्रकार हम डेंगू जैसी बीमारी से बच सकते हैं। इसी प्रकार फैमिली आईडी के बारे में बताते हुये ईओ ने कहा कि जिन लोगों का राशन र्काड में नाम दर्ज नहीं है वे अपनी फैमिली आईडी बनवालें। जिनकी फैमिली आईडी बनी है उनका राशन कार्ड भी बनेगा अल्बत्ता जिनका राशन कार्ड में नाम दर्ज है उनकी फैमिली आईडी नहीं बन सकती क्यों कि उनका राशन कार्ड नम्बर ही उनकी फैमिली आईडी है। उन्हों संभावना व्यक्त करते हुये कहा कि निकट भविष्य में फैमिली आईडी की स्थिति आधार कार्ड की भांति विशेष आईडी के रूप में स्थापित हो सकती है। उनहोंने बताया कि पालिका से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की शिकायत हेतु पालिका के हेल्प लाइन नं0 1533 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
बैठक में उक्त अभियानों के संदर्भ में जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने संचारी रोग जैसे क्षय रोग (टी0बी0), डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के बारे में जागरुक करने, दस्त रोको अभियान तथा जल जमाव वाले स्थानों या नालियों की सफाई कर दवाओं के छिड़काव कराने पर विस्तार से चर्चा की। जिनमें स्वास्थ्य से सम्बन्धित बहुत सी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं पूर्वाेपाय पर काम करने की योजनाओं को क्रिया रूप देकर लोगों को संचारी रोगों से बचाना शामिल था। श्री वेदी ने बताया कि इस मुहिम के दौरान जिन व्यक्तियों में बुखार आदि के लक्षण पाये जा रहे होंगे उनके स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक उपचार सुनिश्चत किया जायेगा।
बैठक में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, सभासदगण, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, ज़िला मलेरिया अधिकारी वेदी यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश व राजीव कुमार शुक्ला, स्वास्थ्य विभाग से जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव, सहायक जिला मलेरिया अधिकारी तरूण कुमार, अर्बन को-आर्डिनेटर देवेन्द्र प्रताप यादव, मलेरिया निरीक्षक राजेश यादव, यूनीसेफ से डीएमसी सौरभ सिंह, बीएमसी मुहम्मद सलीम आदि के इलावा पालिका के अधिकारीगण मौजूद थे।
