रिपोर्ट : रामदुलारी पटेल
बाराबंकी।गन्ना संस्थान परिसर में आजाद भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव की विशेष उपस्थिति रही। बैठक के उपरांत संगठन की ओर से चार महत्वपूर्ण मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के हित में टोल टैक्स माफ किया जाए। उन्होंने कहा कि बाराबंकी जिले के टोल प्लाजा मैनेजर को निर्देशित किया जाए कि किसानों से टोल टैक्स न वसूला जाए।
वहीं दूसरी मांग में देवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कासिमगंज, मुजिमपुर, पलटा, अटवट और मऊ गांवों में ताड़ी की अवैध दुकानों के संचालन पर चिंता जताई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ताड़ी में नशीले पदार्थ मिलाए जा रहे हैं जिससे ग्रामीणों की सेहत और जान दोनों खतरे में हैं। संगठन ने प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की।
तीसरे मुद्दे में ग्राम डिघवा थाना कोतवाली मोहम्मदपुर खाला के निवासी शिवकुमार पुत्र लखपति ने बताया कि उसने आलम नामक व्यक्ति के साथ मिलकर आम की फसल खरीदी थी, लेकिन जब वह पूर्णागिरि मेला चला गया, तो आलम ने उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर फसल बेच दी और ₹45,000 की रकम लेकर फरार हो गया। जब शिवकुमार ने पैसे की मांग की तो उसे धमकाया गया। संगठन ने इस मामले में उचित कानूनी कार्यवाही की मांग की।
चौथे मुद्दे में जिलाधिकारी का ध्यान जिले में संचालित गौशालाओं की बदहाल स्थिति की ओर दिलाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि इन गौशालाओं में जानवर भूख से मर रहे हैं और अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि गौशालाओं की व्यवस्था में सुधार लाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कामता यादव, जिला प्रभारी तेज सिंह, तहसील अध्यक्ष दिनेश चंद, घनश्याम, प्रद्युम्न, राम समुझ, बंकी ब्लॉक अध्यक्ष ममता चौहान, फतेहपुर ब्लॉक अध्यक्ष शिव प्यारी समेत सैकड़ों की संख्या में यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।
