मुरली मनोहर पांडेय
मऊनाथ भंजन : तमसा नदी के कारण मऊ शहर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित साईं की तकिया, कोल्हाड़, बहिरबग्गा और निषाद नगर जैसे मुहल्लों को शहर से जोड़ने के लिए अब हनुमान घाट पर पीपा पुल का निर्माण होगा। इन क्षेत्रों के 10 से 15 हजार निवासियों को वर्तमान में 9 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आवागमन में भारी असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री माननीय ए.के. शर्मा ने त्वरित कदम उठाए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने पिछले वर्ष सेतु विभाग को पत्र लिखा था। समस्या की जानकारी मिलते ही मंत्री ए.के. शर्मा ने 16 जून 2025 को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रयागराज में कुंभ मेले के दौरान उपयोग किए गए पीपा पुल, जो अब अप्रयुक्त पड़े हैं, मऊ भेजे जाएं। इससे हनुमान घाट पर वैकल्पिक पीपा पुल बनाकर आवागमन को सुगम बनाया जा सकता है।
मंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव कृपाशंकर जयसवाल ने 18 जून 2025 को मंडलायुक्त प्रयागराज और कुंभ मेला अधिकारी को पत्र भेजकर पीपा पुल निर्माण के लिए आवश्यक पीपा मऊ भेजने का निर्देश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि वह वर्ष 2000 से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने मंत्री ए.के. शर्मा के त्वरित निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पीपा पुल निर्माण का खर्च नगर विकास/नगर पालिका मऊ वहन करेगी। साथ ही, मंत्री जी ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में तमसा नदी पर पक्का पुल बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।”
मंत्री ए.के. शर्मा ने हाल ही में काझा में नाला निर्माण के शिलान्यास समारोह के दौरान भी इस पीपा पुल की घोषणा की थी। इस पहल से नदी पार बस्तियों के निवासियों को मऊ शहर से जोड़ने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
