सीतापुर। जनपद सीतापुर के थाना हरगांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्याणपुर कली पूर्वी में नहर विभाग द्वारा 50 साल पहले बनाए गए नाले पर दबंगों ने कब्जा कर लिया। घटना 5 जून 2025 की है, जब गांव के कुछ दबंगों ने कथित तौर पर ग्राम प्रधान की मिलीभगत से नाले को ध्वस्त कर ईंटें चुराईं और उसे बलपूर्वक पाट दिया।
किसानों ने इसकी लिखित शिकायत थाना हरगांव में दर्ज की। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अतिक्रमण का काम रुकवाया। नहर विभाग के कर्मचारी पतरोल ने बताया कि यह नाला नहर विभाग द्वारा किसानों की सिंचाई के लिए बनाया गया था और यह सरकारी संपत्ति है। नाले का पानी किसानों की खेती के लिए महत्वपूर्ण है।
किसानों का आरोप है कि दबंगों ने नाले को पाटकर उनकी सिंचाई व्यवस्था को बाधित किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नहर विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई है। स्थानीय लोग इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
