रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाटपार रानी के खामपार स्थित 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस योग महोत्सव में क्षेत्रीय विधायक श्री सभाकुंवर कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में और पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य व भाजपा नेता श्री राजकुमार शाही विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में 50 किलोमीटर के दायरे से आए रोगमुक्त लाभार्थियों, स्थानीय ग्रामीणों और आम जनता ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और ‘निरोगी काया’ के महत्व को रेखांकित करना था।
मुख्य व विशिष्ट अतिथियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, "योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो तन, मन और आत्मा को शुद्ध करती है।" उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित प्रयासों पर जोर दिया।
चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद यादव के निर्देशन में आयुष चिकित्सालय के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। योग सत्र में प्रतिभागियों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, चक्रासन, वज्रासन, भुजंगासन और सूर्य नमस्कार जैसे आसनों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विशंभर पांडेय, पार्टी कार्यकर्ता, अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक शामिल रहे। अंत में डॉ. विनोद यादव ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
