रिपोर्ट : विद्यानंद
देवरिया: रुद्रपुर थाना क्षेत्र के बनिएनी गांव में हनुमान मंदिर पर एक 38 वर्षीय युवक और नाबालिग लड़की की शादी की तैयारी चल रही थी। हल्दी की रस्म के दौरान जागरूक ग्रामीणों ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही महिला कल्याण विभाग की प्रभारी कोऑर्डिनेटर अनुराधा राज अपनी टीम और पुलिस कांस्टेबल चंद्रकांत मौर्य के साथ मौके पर पहुंची।
टीम ने युवक और नाबालिग लड़की को रुद्रपुर कोतवाली लाकर पूछताछ की। कागजी कार्रवाई के बाद लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। अनुराधा राज ने बताया कि युवक का ननिहाल लड़की के गांव में है, जहां उसका आना-जाना था। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारी थी, लेकिन लड़की के नाबालिग होने के कारण यह बाल विवाह कानूनन अपराध है।
पुलिस और महिला कल्याण विभाग की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग का बाल विवाह रोका गया। युवक के खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। मामला जांच के अधीन है।
