रिपोर्ट : रामदुलारी पटेल
हरख, बाराबंकी। सरकार जहां एक ओर भ्रष्टाचार मुक्त राज्य की दिशा में काम करने के दावे कर रही है, वहीं ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा मामला बाराबंकी जिले के हरख विकासखंड के सुल्तानपुर गांव से सामने आया है, जहां श्मशान घाट निर्माण कार्य में जमकर अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। पीली ईंटें और निम्न गुणवत्ता का मसाला इस्तेमाल कर श्मशान का निर्माण किया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्राम प्रधान व ठेकेदार पर मिलीभगत कर इस काम को जबरन आगे बढ़ाने का आरोप है।
गांव के ही राम सिंह और श्रवण कुमार बाबा ने जब इस घटिया निर्माण का विरोध किया, तो उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। निर्माण कार्य बिना किसी पारदर्शिता के मनमाने ढंग से जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के निर्माण से श्मशान घाट कुछ ही वर्षों में ध्वस्त हो सकता है और इसका कोई भरोसा नहीं कि यह कितने दिन तक चलेगा।
इस मामले को लेकर जब खंड विकास अधिकारी प्रीती वर्मा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है और जल्द ही जांच कराई जाएगी। यदि अनियमितताएं पाई गईं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की मांग है कि इस निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में इस तरह के भ्रष्टाचार को रोका जा सके।
