रिपोर्ट : बीके सिंह
पलिया कला, लखीमपुर खीरी। 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कमांडेंट श्री रविंद्र राजेश्वरी के निर्देश पर आरक्षी अमित कुमार यादव ने रक्तदान कर एक अति गरीब महिला की जान बचाई। आजाद नगर (घोला) निवासी धनवंती देवी, पत्नी मुरारी लाल, जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही थीं, गंभीर हालत में थीं। उनके शरीर में रक्त की कमी के कारण कई बीमारियां हो गई थीं और आर्थिक तंगी के चलते वे इलाज नहीं करवा पा रही थीं।
सफल हॉस्पिटल के डॉ. टेक बहादुर सिंह को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने महिला को अपने अस्पताल में भर्ती कराया। नर सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से इलाज शुरू हुआ। जांच में पता चला कि महिला के शरीर में रक्त बहुत कम है और इलाज के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता है। ट्रस्ट ने एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था।
कमांडेंट श्री रविंद्र राजेश्वरी को इसकी सूचना मिलते ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई की और सरकारी वाहन से तीन जवानों को अस्पताल भेजा। जवानों ने महिला की हालत देखी और आरक्षी अमित कुमार यादव ने भीरा वन विट हॉस्पिटल पहुंचकर रक्तदान किया। इस रक्त को चढ़ाने के बाद धनवंती देवी की हालत में काफी सुधार हुआ।
कमांडेंट रविंद्र राजेश्वरी के नेतृत्व में 39वीं वाहिनी न केवल सीमा सुरक्षा में सक्रिय है, बल्कि सामाजिक सुधार के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। महीने में तीन-चार बार नशा मुक्ति, सामाजिक स्थलों की साफ-सफाई, पशुओं और लोगों के स्वास्थ्य जांच के लिए कैंप आयोजित किए जाते हैं। कमांडेंट के मार्गदर्शन में SSB सामाजिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
