रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के मनियर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सहतवार से गोरखपुर जा रहे फोर्स वाहन के चालक की मौत हो गई। हादसा पुरुषोत्तम पट्टी नई बस्ती चट्टी के पास हुआ। मृतक की पहचान बांसडीह रोड के पिपरपाती गांव निवासी हरेराम गोंड (50) के रूप में हुई।
सुबह करीब 6 बजे मनियर क्षेत्र में अचानक एक साइकिल सवार बालक सड़क पर आ गया। बच्चे को बचाने के लिए हरेराम ने वाहन को तेजी से मोड़ दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हरेराम को पहले सीएचसी सिकंदरपुर ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हरेराम की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वे गांव में मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि जिस बच्चे को बचाने की कोशिश में उन्होंने अपनी जान गंवाई, वह सुरक्षित है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
